अगरतला, त्रिपुरा
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने त्रिपुरा राज्य भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट 2026–27 की दूरदर्शी एवं परिवर्तनकारी परिकल्पना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

श्री साहू ने बताया कि वर्ष 2014 में ₹3.92 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय से बढ़कर वर्ष 2026–27 में ₹12.2 लाख करोड़ तक पहुँचना सरकार की मजबूत विकास-उन्मुख नीति को दर्शाता है। इसी प्रकार कृषि क्षेत्र के लिए बजटीय आवंटन ₹21,900 करोड़ से बढ़कर ₹1.25 लाख करोड़ से अधिक हो जाना किसानों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भारत का विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतिफल है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र को विकास के प्रमुख इंजन के रूप में रेखांकित करते हुए श्री साहू ने बताया कि इस क्षेत्र के लिए सकल बजटीय समर्थन में 246 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे ₹94,679 करोड़ किया गया है। इसके साथ ही रेलवे के लिए रिकॉर्ड ₹11,486 करोड़ का आवंटन तथा डोनर मंत्रालय के लिए अब तक का सर्वाधिक ₹6,812.30 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड कॉरिडोर सहित अनेक रणनीतिक संपर्क परियोजनाओं का उल्लेख किया।
त्रिपुरा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट राज्य के समग्र एवं परिवर्तनकारी विकास को गति देगा। इसमें अगरतला–अखौरा रेल लिंक, प्रस्तावित वंदे भारत सेवा, ₹332 करोड़ की लागत से स्टेशन पुनर्विकास, 530 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, साबरूम लॉजिस्टिक्स हब का विकास, गोमती नदी के माध्यम से अंतर्देशीय जल संपर्क तथा बौद्ध पर्यटन सर्किट जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए ₹12 लाख तक की आय पर शून्य आयकर तथा प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी (पीएमएवाई-यू) के अंतर्गत शहरी आवास के लिए समर्थन बढ़ाया गया है।
श्री साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 आर्थिक स्थिरता को सुदृढ़ करेगा, समावेशी विकास को बढ़ावा देगा, निवेश और रोजगार सृजन को गति देगा तथा आत्मनिर्भर भारत के विजन को और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा, “इस बजट के जन-केंद्रित प्रावधान समुदायों को सशक्त करेंगे, नए अवसर सृजित करेंगे और भारत की विकसित भारत @2047 की यात्रा को और सशक्त बनाएंगे।”
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा का यह दो दिवसीय दौरा समाज के सभी वर्गों के साथ संवाद का प्रतीक रहा और इससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि त्रिपुरा और संपूर्ण पूर्वोत्तर क्षेत्र विकसित भारत की यात्रा में एक सशक्त स्तंभ के रूप में उभरेंगे।





