भिलाई इस्पात संयंत्र का अतिक्रमण पर सख्त प्रहार, अवैध कब्जे हटाए; बिजली कनेक्शन भी काटे

भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग द्वारा टाउनशिप क्षेत्र में अनाधिकृत कब्जों एवं सड़क अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत सेक्टर-6 मार्केट चौक तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़क किनारे सामग्री फैलाकर व्यवसाय संचालित करने वाले व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटवाए गए। इस दौरान छह अस्थायी शेड भी हटाए गए। संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर सामग्री न फैलाने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

कार्रवाई के दौरान स्ट्रीट एवेन्यू ‘सी’ स्थित अनफिट ब्लॉक में अवैध रूप से कब्जा कर रहने वाले व्यक्तियों के कारण मार्ग संकरा होने की स्थिति का संज्ञान लिया गया। पूर्व में जारी निर्देशों और समझाइश के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से संबंधित परिसर की अवैध विद्युत आपूर्ति विच्छेदित कर दी गई। कब्जाधारियों को पुनः निर्देशित किया गया कि वे शीघ्र स्वेच्छा से परिसर खाली करें। साथ ही प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्य के संबंध में संबंधित कार्यदल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

अभियान के अंतर्गत सेंट्रल एवेन्यू से सेक्टर-6 मार्केट जाने वाले मार्ग तथा चौक क्षेत्र में दिन के समय सार्वजनिक मार्गों पर खड़े छोड़े गए ठेलों को भी हटवाया गया। संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी स्थिति पाए जाने पर संपदा न्यायालय के माध्यम से ठेलों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रवर्तन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाउनशिप के अन्य प्रमुख चौकों, बाजार क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर किए गए अतिक्रमण तथा अनाधिकृत रूप से रखे गए ठेले स्वेच्छा से हटा लें और स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित टाउनशिप के निर्माण में सहयोग करें।

यह विशेष अभियान भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के मार्गदर्शन में सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन विभाग) श्री रेमी थॉमस के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में उप प्रबंधक श्री मुकुंद दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक श्री देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक श्री अजय मिश्रा, श्री राममूर्ति, श्री भगवान तथा श्री राम सहित महिला एवं पुरुष सुरक्षा कर्मियों की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

Editor In Chief Sheetal  के बारे में
For Feedback - newslive7000@gmail.com

LATEST Post

© 2026 | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net