युवा संगम चरण-VI के तहत छत्तीसगढ़ के युवा प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली के लिए रवाना यह कार्यक्रम पांच स्तंभों पर आधारित है: पर्यटन, परंपरा, प्रगति, प्रौद्योगिकी और परस्पर संपर्क

भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने, सांस्कृतिक समझ को गहरा करने और राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी “एक भारत श्रेष्ठ भारत” पहल के तहत शुरू किए गए प्रतिष्ठित युवा संगम चरण-VI कार्यक्रम के उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) और आधिकारिक फ्लैग-ऑफ समारोह में भाग लेने के लिए आज पूरे छत्तीसगढ़ से आए छात्र और युवा प्रतिनिधि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई में एकत्र हुए।

छत्तीसगढ़ का यह प्रतिनिधिमंडल 7 जून से 13 जून 2026 तक दिल्ली का दौरा करेगा, जहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली इस राष्ट्रव्यापी युवा विनिमय कार्यक्रम के तहत एक सप्ताह तक उनकी मेजबानी करेगा, जिसका उद्देश्य देश के विकास और परंपराओं का गहन अनुभव प्रदान करना है। इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम और औपचारिक फ्लैग-ऑफ समारोह का आयोजन श्री अभिजीत सिंह, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, दुर्ग और राजीव प्रकाश, निदेशक, आईआईटी भिलाई की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया, जिन्होंने प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और उन्हें इस यात्रा के दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान, शैक्षणिक संवाद और व्यावहारिक शिक्षण में सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया।

युवा संगम भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जिसे देश भर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, विकास पहलों, तकनीकी प्रगति और लोगों से लोगों के बीच जुड़ाव (पीपुल-टू-पीपुल कनेक्ट) का व्यापक अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से पांच थीम आधारित स्तंभों के इर्द-गिर्द संरचित है, जिनमें पर्यटन (Tourism), परंपरा (Traditions & Culture), प्रगति (Development & Governance), प्रौद्योगिकी (Technology & Innovation) और परस्पर संपर्क (People-to-People Connect) शामिल हैं।

युवा संगम के चरण-VI के तहत, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के बीच इस आदान-प्रदान के लिए आईआईटी दिल्ली और आईआईटी भिलाई को एक साथ जोड़ा (पेयर) गया है, जिससे प्रतिनिधियों को विविधता में एकता को बढ़ावा देने और भारत की प्रगति तथा समृद्ध विरासत की गहरी समझ विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों का अनुभव करने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम का समापन बेहद उत्साह और देशभक्ति की भावना के बीच आईआईटी भिलाई परिसर से प्रतिनिधियों को आधिकारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुआ।

Editor In Chief Sheetal  के बारे में
For Feedback - newslive7000@gmail.com

LATEST Post

© 2026 | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net