स्वस्थ युवा, सशक्त भारत: धमतरी में चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ एवं ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के तहत दो दिवसीय आयोजन

केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ एवं ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के अंतर्गत 1 एवं 2 सितंबर 2026 को स्व. श्री बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवनशैली तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन 1 सितंबर को दोपहर 12 बजे किया जाएगा। प्रदर्शनी में नशे के विभिन्न दुष्परिणामों, मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान, नशे से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित चित्र एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत संतुलित आहार, सही पोषण और स्वस्थ जीवन से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।

रंजना डीपेन्द्र साहू मुख्य अतिथि एवं अरुण कुमार सार्वा विशिष्ट अतिथि

कार्यक्रम में श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू, पूर्व विधायक, धमतरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं श्री अरुण कुमार सार्वा, अध्यक्ष, जिला पंचायत धमतरी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक सहित प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता शामिल हैं।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी नशामुक्त समाज, युवाओं की भूमिका, स्वस्थ जीवनशैली, पोषण, विकसित भारत एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं विचार प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से दिया जाएगा जागरूकता का संदेश

चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ-साथ सही पोषण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवन का संदेश प्रभावी ढंग से दिया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

केंद्रीय संचार ब्यूरो की यह पहल युवाओं एवं आमजन तक सामाजिक जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और जनकल्याण से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं।

Editor In Chief Sheetal  के बारे में
For Feedback - newslive7000@gmail.com

LATEST Post

© 2026 | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net