न्यूजवीक की ‘वर्ल्ड्स बेस्ट हॉस्पिटल्स इंडिया 2026’ रैंकिंग में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर को राष्ट्रीय पहचान

देश के सर्वश्रेष्ठ सरकारी अस्पतालों में छठा स्थान, नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों में प्रथम स्थान प्राप्त

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर ने चिकित्सा सेवा, शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित न्यूजवीक की “वर्ल्ड्स बेस्ट हॉस्पिटल्स इंडिया 2026” रैंकिंग में देश के अग्रणी अस्पतालों में स्थान प्राप्त किया है। संस्थान को भारत के सर्वश्रेष्ठ सरकारी अस्पतालों में छठा स्थान तथा नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों में प्रथम स्थान मिला है। यह उपलब्धि संस्थान के उत्कृष्ट मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर उभरती प्रतिष्ठा को दर्शाती है।

यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता अस्पताल की सेवा गुणवत्ता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सिफारिश, मरीजों के अनुभव तथा पेशेंट रिपोर्टेड आउटकम मेजर्स (Patient Reported Outcome Measures-PROMs) जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर प्रदान की गई है। यह सम्मान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर की छत्तीसगढ़ एवं मध्य भारत के लोगों को सुलभ, किफायती और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

संस्थान ने विगत दो वर्षों में सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं, अधोसंरचना विकास, अनुसंधान गतिविधियों तथा अत्याधुनिक क्लीनिकल सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रमुख उपलब्धियों में मध्य भारत की पहली सरकारी रोबोटिक सर्जरी सुविधा “देवहस्त”, छत्तीसगढ़ की पहली बायो सेफ्टी लेवल-3 प्रयोगशाला की स्थापना, किडनी प्रत्यारोपण सेवाओं में महत्वपूर्ण उपलब्धियां, सरकारी अस्पताल में राज्य का पहला पेयर्ड किडनी ट्रांसप्लांट, आधुनिक न्यूक्लियर मेडिसिन सुविधाओं का विस्तार, दूसरी कार्डियक कैथ लैब का शुभारंभ, अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब की स्थापना तथा सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की शुरुआत शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, संस्थान को बायोमेडिकल नवाचार, अनुसंधान सहयोग, राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं, आपदा प्रबंधन तैयारी तथा जनस्वास्थ्य पहलों के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्राप्त हुई है।

लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (रि.), कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर ने इस उपलब्धि पर संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल सुपरिटेंडेंट, डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन), डीन, फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, पैरामेडिकल एवं प्रशासनिक कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से संस्थान देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले तृतीयक स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्थान परिवार की सामूहिक मेहनत, समर्पण, पेशेवर कार्यशैली एवं मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर उन्नत चिकित्सा तकनीकों को अपनाने, अनुसंधान एवं नवाचार को सुदृढ़ करने तथा छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा, ताकि गंभीर एवं विशेष उपचार के लिए मरीजों को राज्य से बाहर न जाना पड़े।

न्यूजवीक द्वारा प्राप्त यह मान्यता अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर की बढ़ती राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का प्रमाण है तथा स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के उसके मिशन को और सुदृढ़ करती है।

Editor In Chief Sheetal  के बारे में
For Feedback - newslive7000@gmail.com

LATEST Post

© 2026 | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net