अग्नि दुर्घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण और जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिखाई पेशेवर दक्षता
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-भिलाई इस्पात संयंत्र के अग्निशमन विभाग के 49 कर्मियों को हाल के दिनों में संयंत्र के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं पर सफलतापूर्वक नियंत्रण स्थापित करने तथा जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशनों को दक्षतापूर्वक संपन्न करने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 16 मई 2026 को सेंट्रल फायर स्टेशन के प्रशिक्षण सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री बी. के. महापात्र के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह का उद्देश्य विषम परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देने वाले अग्निशमन कर्मियों का उत्साहवर्धन करना तथा सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।
7EOJ.jpeg)
समारोह में अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री एस. बी. ढवस, उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री जी. एस. एस. किरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री बी. के. महापात्र ने अपने संबोधन में अग्नि सुरक्षा से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यस्थल पर छोटी-सी लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी गंभीर अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल जान-माल की क्षति का कारण बनती हैं, बल्कि उत्पादन गतिविधियों को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने सभी कर्मियों से सतर्कता, अनुशासन एवं मानक कार्यप्रणालियों के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी ने अग्निशमन कर्मियों द्वारा अत्यधिक तापमान एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रदर्शित साहस, त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल आपातकालीन प्रतिक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि रोकथाम आधारित दृष्टिकोण को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक अग्नि दुर्घटना का विस्तृत विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर बल दिया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवा एवं साहस का परिचय देने वाले सभी 49 अग्निशमन कर्मियों को सम्मान स्वरूप ‘सेलम स्टील’ से निर्मित उपहार प्रदान किए गए। यह आयोजन विभागीय टीम भावना, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री एस. बी. ढवस ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि अग्निशमन सेवा पूर्णतः टीम वर्क आधारित व्यवस्था है, जिसमें प्रत्येक सदस्य की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षित कार्य संस्कृति, पारस्परिक विश्वास एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।




