भिलाई इस्पात संयंत्र में गैस रिसाव आपदा प्रबंधन अभ्यास, कोक ओवन विभाग में हाई-लेवल मॉक ड्रिल

भिलाई इस्पात संयंत्र अंतर्गत कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में विषाक्त गैस रिसाव (गैस पॉइजनिंग) जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए बेंज़ोल रिकवरी प्लांट-01 में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों की तत्परता, समन्वय क्षमता तथा प्रतिक्रिया समय का आकलन करना था।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग, मुख्य चिकित्सा पोस्ट, ऊर्जा प्रबंधन विभाग, सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग, पर्यावरण विभाग, राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा केंद्र (National Occupational Health and Safety Centre), सिविल डिफेंस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा कार्मिक विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया।

यह अभ्यास मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) श्री तुलाराम बेहरा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान विभागीय सुरक्षा अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आपदा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का संचालन किया गया। अधिकारियों ने कार्यबल को विषाक्त गैस रिसाव जैसी आपात परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं एवं त्वरित प्रतिक्रिया उपायों की जानकारी भी दी।

मॉक ड्रिल के बाद मुख्य महाप्रबंधक के कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी सहभागी एजेंसियों ने हिस्सा लिया। समीक्षा के दौरान विभाग के फर्स्ट एडर्स द्वारा पोर्टेबल ब्रीदिंग अपरेटस की सहायता से प्रभावित व्यक्ति तक त्वरित पहुंच बनाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की विशेष सराहना की गई।

अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, अंतर-विभागीय समन्वय तथा किसी भी आकस्मिक घटना से सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से निपटने की तैयारियों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया गया।

Editor In Chief Sheetal  के बारे में
For Feedback - newslive7000@gmail.com

LATEST Post

© 2026 | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net